गया: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंगलवार को गयाजी एयरपोर्ट पहुंचीं, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैय्यद अता हसनैन, विदेश मंत्री एस जयशंकर और केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी समेत कई वरिष्ठ नेता और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति के आगमन को लेकर पहले से ही व्यापक तैयारियां की गई थीं। सुरक्षा के कड़े इंतजाम के बीच उनका स्वागत औपचारिक और गरिमामय तरीके से किया गया।
नेताओं ने किया स्वागत और व्यक्त की खुशी
इस मौके पर भाजपा नेता दिलीप जायसवाल ने राष्ट्रपति के आगमन को बिहार के लिए गौरवपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का सरल और प्रेरणादायी व्यक्तित्व समाज के लिए मार्गदर्शक है।
उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रपति के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति, समावेशी विकास और सशक्तिकरण के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है।
बिहार के लिए अहम दौरा
राष्ट्रपति का यह दौरा बिहार के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके आगमन से न केवल प्रशासनिक स्तर पर सक्रियता बढ़ी है, बल्कि स्थानीय लोगों में भी उत्साह का माहौल देखने को मिला।

