जमशेदपुर: शहर की अंकिता यादव ने संयुक्त रक्षा सेवा परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 3 हासिल कर इतिहास रच दिया है। इस शानदार सफलता के साथ उनका चयन भारतीय सेना में अधिकारी पद के लिए हुआ है, जिससे पूरे झारखंड में गर्व और खुशी का माहौल है।
परिवार और राज्य का नाम किया रोशन
अंकिता यादव, बैंक ऑफ इंडिया की तामुलिया शाखा में हेड कैशियर जे.डी. यादव की पुत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे समाज और राज्य का नाम रोशन किया है।
जल्द शुरू होगा सैन्य प्रशिक्षण
अंकिता जल्द ही चेन्नई जाकर प्रशिक्षण प्राप्त करेंगी। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उन्हें भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर कमीशन दिया जाएगा, जहां वे देश सेवा की जिम्मेदारी निभाएंगी।
सम्मान समारोह में किया गया अभिनंदन
उनकी इस उपलब्धि पर विभिन्न सामाजिक संगठनों ने सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें सम्मानित किया। कार्यक्रम में उनके माता-पिता को भी अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी सफलता के पीछे परिवार का त्याग और समर्पण अहम भूमिका निभाता है।
युवाओं के लिए बनीं प्रेरणा
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जौनपुर की रहने वाली अंकिता यादव की इस सफलता ने झारखंड को विशेष पहचान दिलाई है। वे राज्य की उन चुनिंदा महिला अभ्यर्थियों में शामिल हैं जिन्होंने सीडीएस परीक्षा के माध्यम से यह मुकाम हासिल किया है।
उनकी उपलब्धि से क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और वे खासकर युवाओं और महिलाओं के लिए प्रेरणा बनकर उभरी हैं।

