जमशेदपुर: झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा सोमवार शाम सुंदरनगर-हाता रोड पर हुआ, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।
तेज रफ्तार ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर
मृतक की पहचान मानगो आजादनगर मुर्दा मैदान के पास रहने वाले अशरफ इकबाल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अशरफ अपने दो दोस्तों अरशद और गुड्डू के साथ डाला टेंपो से हाता की ओर जा रहा था।
इसी दौरान हाता चौक से कुछ दूरी पहले एक तेज रफ्तार ट्रक ने टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में युवक को किया गया मृत घोषित
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अशरफ इकबाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अरशद और गुड्डू का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
परिवार का था एकमात्र सहारा
बताया जा रहा है कि अशरफ इकबाल मानगो बाजार में एक चप्पल दुकान में काम करता था और अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ट्रक चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है और आसपास के क्षेत्रों में छानबीन की जा रही है।

