रांची: सऊदी अरब में हुई पुलिस और तस्करों के बीच मुठभेड़ (Saudi Arabia Cross Firing) में झारखंड के गिरिडीह जिले के रहने वाले एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान विजय कुमार महतो (26 वर्ष) के रूप में हुई है, जो रोजगार की तलाश में नौ महीने पहले सऊदी अरब गया था।

सऊदी अरब में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ के दौरान हादसा

सूत्रों के अनुसार यह घटना 16 अक्टूबर की बताई जा रही है। उस दिन सऊदी पुलिस स्थानीय अपराधियों और जबरन वसूली करने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान गोलीबारी शुरू हो गई और विजय महतो अनजाने में फायरिंग की चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि वह पुलिस की गोली से घायल हुआ, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

कंपनी के काम से बाहर गया था विजय महतो

विजय महतो सऊदी अरब की एक निजी कंपनी में ट्रांसमिशन लाइन परियोजना से जुड़ा कार्य कर रहा था। घटना के दिन वह कंपनी के निर्देश पर सामान लेने बाहर गया था। तभी अचानक इलाके में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इसी दौरान गोलीबारी में वह फंस गया।

पत्नी को भेजा था आखिरी व्हाट्सएप संदेश

घटना के कुछ ही क्षण पहले विजय ने अपनी पत्नी बसंती देवी को व्हाट्सएप पर एक संदेश भेजा था, जिसमें उसने लिखा कि वह गोलीबारी में फंस गया है और घायल हो गया है। परिवार को यह उम्मीद थी कि वह सुरक्षित होगा, लेकिन 24 अक्टूबर को कंपनी ने आधिकारिक रूप से उसकी मौत की सूचना परिवार को दी।

भारतीय दूतावास और झारखंड सरकार कर रही मदद

विजय महतो की मौत के बाद झारखंड श्रम विभाग ने तुरंत कार्रवाई शुरू की है। विभाग ने सऊदी अरब स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क साधकर पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। गिरिडीह जिला प्रशासन ने भी परिवार को आवश्यक सहायता और समन्वय उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया है।

प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा पर उठे सवाल

इस घटना के बाद एक बार फिर विदेशों में काम कर रहे भारतीय श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। झारखंड से हर साल बड़ी संख्या में युवा खाड़ी देशों में रोजगार के लिए जाते हैं, जहां सुरक्षा और कानूनी सहायता को लेकर कई बार कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version