Palamu : हैदरनगर थाना क्षेत्र के कुकही टोला मुगलजान में गुरुवार देर रात एक सनसनीखेज डकैती की वारदात सामने आई है। करीब 15 हथियारबंद डकैतों ने शिक्षक दंपती के घर पर धावा बोल दिया और उन्हें लगभग चार घंटे तक बंधक बनाकर लूटपाट की। इस दौरान दंपती के साथ बेरहमी से मारपीट भी की गई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई है।

घटना मुगलजान निवासी 45 वर्षीय मृत्युंजय मेहता के घर पर हुई, जो जपला के सरस्वती शिशु मंदिर में शिक्षक हैं। उनकी पत्नी अनिता देवी पारा शिक्षिका हैं। दोनों रात लगभग 11 बजे सो चुके थे। इसी बीच मृत्युंजय मेहता शौच के लिए उठे तो उन्हें छत पर किसी के चलने की आहट सुनाई दी। नीचे लौटते ही उनका सामना एक डकैत से हो गया। हाथापाई के दौरान चार और डकैत घर में घुस आए, जबकि गिरोह के अन्य सदस्य बाहर पहरा दे रहे थे।

पिस्तौल सटाकर और रॉड से पीटकर दंपती को बनाया बंधक

डकैत पिस्तौल, चाकू और लोहे की रॉड जैसे घातक हथियारों से लैस थे। घर में घुसते ही उन्होंने दंपती की बेरहमी से पिटाई शुरू की और उनकी कनपटी पर पिस्तौल सटाकर उन्हें बंधक बना लिया। इसके बाद पूरे गिरोह ने घर खंगालना शुरू किया।

डकैतों ने बक्से, बैग और अलमारियों को तोड़कर उसमें रखे सोने–चांदी के जेवर, नकदी, कीमती कपड़े और अन्य सामान लूट लिया। वारदात के दौरान घर के कमरों को अस्त-व्यस्त कर दिया गया और शिक्षक दंपती पर लगातार हमला होता रहा।

ग्रामीणों की जुटान, घायल दंपती अस्पताल में भर्ती

घटना की जानकारी गांव में फैलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से घायल शिक्षक और उनकी पत्नी को हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

स्थानीय लोगों ने कहा कि यह हाल के वर्षों की सबसे भयावह डकैती है, जिसने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अपराधियों की तलाश के लिए छापेमारी जारी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version