रांची : झारखंड इस समय भीषण शीतलहर की चपेट में है। राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। राजधानी रांची समेत आसपास के इलाकों में सर्द हवाओं और गिरते पारे ने ठंड का असर और तेज कर दिया है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने झारखंड के छह जिलों में येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। लगातार गिरते तापमान और शीतलहर के कारण बच्चों का स्कूल जाना भी जोखिम भरा माना जा रहा है।
मैक्लुस्कीगंज में रिकॉर्ड तोड़ ठंड, तापमान माइनस 2 डिग्री
रांची से करीब 60 किलोमीटर दूर स्थित मैक्लुस्कीगंज में न्यूनतम तापमान माइनस 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। यह तापमान कई पहाड़ी और ठंडे पर्यटन स्थलों से भी कम बताया जा रहा है। वहीं, गुमला जिले में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो राज्य के सबसे ठंडे इलाकों में शामिल है।
तेज हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन
खूंटी, लोहरदगा और लातेहार जैसे जिलों में ठंड के साथ तेज हवाओं ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। इन इलाकों में दोपहर के समय धूप निकलने के बावजूद 3 से 4 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही ठंडी हवाएं ठिठुरन का एहसास करा रही हैं। खुले में निकलना लोगों के लिए मुश्किल हो गया है।
इन छह जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने गुमला, चतरा, लोहरदगा, लातेहार, पलामू और खूंटी जिलों में शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे तक इन क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड बनी रहेगी। न्यूनतम तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है और फिलहाल ठंड से राहत के आसार कम हैं।
