Ranchi : झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्रा ने नववर्ष के अवसर पर पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनता की सेवा ही पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से नई ऊर्जा, नई सोच और नए संकल्प के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
डीजीपी ने अपने संदेश में झारखंड पुलिस के जवानों की कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, ईमानदारी और साहस की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन्हीं गुणों के बल पर झारखंड पुलिस राज्य में शांति, सुरक्षा और विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में अहम भूमिका निभा रही है।
उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में पुलिस बल और अधिक जिम्मेदारी व संवेदनशीलता के साथ कार्य करेगा, जिससे आम जनता का भरोसा और मजबूत होगा।
डीजीपी तदाशा मिश्रा ने पुलिसकर्मियों से तीन प्रमुख संकल्प लेने का आह्वान किया—
- जनता की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देना
- कानून का निष्पक्ष और संवेदनशील तरीके से पालन सुनिश्चित करना
- झारखंड को सुरक्षित, सशक्त और प्रगतिशील राज्य बनाने में सक्रिय भूमिका निभाना
उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय ही सुशासन की मजबूत नींव है और इसी लक्ष्य को लेकर झारखंड पुलिस आगे बढ़ेगी।
