रांची: झारखंड विधानसभा का बजट सत्र आज से शुरू हो गया है। सत्र की शुरुआत राज्यपाल के अभिभाषण से हुई, जिसमें सरकार अपनी उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत करेगी। यह सत्र 19 मार्च तक चलेगा और इसमें कुल 17 कार्य दिवस निर्धारित किए गए हैं।

23 फरवरी को नगर निकाय चुनाव के कारण विधानसभा की कार्यवाही स्थगित रहेगी, ताकि विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में मतदान प्रक्रिया में भाग ले सकें। यह निर्णय विधानसभा अध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो की अध्यक्षता में हुई बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया।

24 फरवरी को राज्य सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेगी, जिसे लेकर राजनीतिक गलियारों में खासा उत्साह है।

सत्र की तैयारी को लेकर आयोजित सर्वदलीय बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी सहित कई प्रमुख नेता शामिल हुए।

स्पीकर ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विधायकों के प्रश्नों का समय पर और तथ्यात्मक जवाब देने के निर्देश दिए हैं। लंबित प्रश्नों के जल्द निपटारे पर भी जोर दिया गया है।

मंगलवार को सत्ता पक्ष और कांग्रेस विधायक दल की अलग-अलग बैठकें हुईं, जिसमें सत्र के दौरान अपनाई जाने वाली रणनीति पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने विधायकों और मंत्रियों को पूरी तैयारी के साथ सदन में उपस्थित रहने और विपक्ष के सवालों का तथ्यात्मक जवाब देने को कहा।

इस बार विधानसभा में नेशनल ई-विधान एप्लीकेशन (NeVA) के माध्यम से डिजिटल और पेपरलेस कार्यप्रणाली को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे सदन की कार्यवाही अधिक पारदर्शी और तकनीक आधारित बनेगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version