रांची: होली से पहले राज्य सरकार ने हजारों आउटसोर्स कर्मियों को बड़ी राहत दी है। सरकार ने उनके मानदेय में बढ़ोतरी का फैसला लिया है। वित्त विभाग के अवर सचिव विजय नारायण सिंह के हस्ताक्षर से 17 फरवरी को इससे संबंधित अधिसूचना जारी कर दी गई है।
इस फैसले के तहत करीब 35 प्रकार के आउटसोर्स कर्मियों के मानदेय में वृद्धि की गई है। इसमें मल्टी टास्किंग स्टाफ, ड्राइवर, कुक, इलेक्ट्रीशियन, कंप्यूटर ऑपरेटर, डाटा एंट्री ऑपरेटर, ऑफिस असिस्टेंट और अन्य पद शामिल हैं।
वित्त विभाग ने आउटसोर्स कंपनियों के कमीशन की राशि भी तय कर दी है। साथ ही विभिन्न पदों के लिए आवश्यक योग्यता और अनुभव का भी निर्धारण किया गया है, ताकि नियुक्ति प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बन सके।
आंकड़ों के अनुसार, आउटसोर्स कर्मियों के वेतन में प्रति माह लगभग 4 हजार से 15 हजार रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। उदाहरण के तौर पर, अब कंप्यूटर ऑपरेटर को प्रति माह कैश इन हैंड के रूप में 21,951 रुपये का भुगतान मिलेगा।
सरकार द्वारा तय की गई राशि में बीमा, पीएफ, जीएसटी और कंपनी कमीशन को अलग-अलग स्पष्ट किया गया है। इससे अब विभागों और कार्यालयों को यह स्पष्ट रहेगा कि आउटसोर्स कंपनी को भुगतान किस मद में कितना किया जा रहा है।
इस फैसले से राज्य के हजारों आउटसोर्स कर्मियों को आर्थिक राहत मिलेगी और उनके जीवन स्तर में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

