देवघर (Jharkhand News): झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को देवघर में दिवंगत शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया। कार्यक्रम का आयोजन देवघर जिला झामुमो कमेटी की ओर से किया गया।
रामदास सोरेन को याद कर भावुक हुए कार्यकर्ता
श्रद्धांजलि सभा में झामुमो जिला अध्यक्ष संजय शर्मा ने कहा कि रामदास सोरेन झामुमो के एक मजबूत स्तंभ थे। उन्होंने कहा कि सोरेन न सिर्फ एक आंदोलनकारी और जुझारू नेता थे, बल्कि झारखंड आंदोलन के दौरान उन्होंने दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन के साथ कदम से कदम मिलाकर लड़ाई लड़ी थी।
उन्होंने आगे कहा कि सोरेन का असमय निधन झामुमो और पूरे झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है।
नेताओं ने गिनाई उपलब्धियां
सभा में पार्टी के पूर्व प्रवक्ता सुरेश साह, केंद्रीय समिति सदस्य नंदकिशोर दास, युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष राहुल चंद्रवंशी, महानगर अध्यक्ष प्रदीप चौधरी, संजीव मृत्युंजय रावत, प्रमोद दास, महिला मोर्चा की अध्यक्ष नीलम देवी, रजनी सिन्हा, शीला दास, मंजू दास, रोशन सिंह, विपिन यादव, समेत कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।
सभी ने माना कि शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन ने झारखंड की शिक्षा व्यवस्था और संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
श्रद्धांजलि सभा में उमड़ा जनसैलाब
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। श्रद्धांजलि देते समय कई कार्यकर्ता भावुक भी हो उठे। नेताओं ने कहा कि रामदास सोरेन हमेशा झामुमो कार्यकर्ताओं के दिलों में जिंदा रहेंगे।
इसे भी पढ़ें
Jharkhand News: रांची में 22 अगस्त से सेना भर्ती रैली, प्रशासन ने की तैयारियों की समीक्षा बैठक