रांची : झारखंड विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत सोमवार को भावुक माहौल में हुई। सत्र के पहले दिन सदन में शोक प्रस्ताव पढ़ा गया, जिसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मानसून सत्र के बाद से अब तक दिवंगत हुईं प्रमुख हस्तियों और विभिन्न हादसों में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री ने सदन को संबोधित करते हुए पूर्व लोकसभा अध्यक्ष शिवराज पाटिल, महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश कलमाड़ी, कांके के पूर्व विधायक रामचंद्र नायक, चंदनकियारी के पूर्व विधायक गौड़ सृजन, शहीद हारुण टोप्णो, साहित्यकार विनोद कुमार शुक्ल, पर्यावरणविद् माधव गाडगिल, शिल्पकार रामस्वीकार जी, प्रो. बी.पी. शरण, नीलांबर-पीतांबर वंशज रामनंदन सिंह खरवार, बीबीसी के वरिष्ठ पत्रकार मार्क टुली, बंधु सेन, लोक गायक संजय तिवारी तथा झारखंड आंदोलनकारी दुर्ग गड़ाईत को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने हाल के दिनों में हुए विभिन्न हादसों में मृत लोगों के प्रति भी संवेदना प्रकट की। गोवा में हुए भीषण हादसे में 25 लोगों की मौत, जम्मू-कश्मीर के डोडा में सैन्य वाहन दुर्घटना में 10 जवानों के शहीद होने, हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसे में 14 लोगों की मृत्यु, उत्तराखंड के अल्मोड़ा में बस दुर्घटना में 7 यात्रियों की मौत तथा लातेहार बस हादसे में 9 लोगों की जान जाने पर सदन ने गहरा शोक व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी दिवंगत आत्माओं का समाज और देश के प्रति योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने ईश्वर से सभी को शांति प्रदान करने और शोक संतप्त परिवारों को संबल देने की प्रार्थना की।

श्रद्धांजलि के बाद पूरे सदन ने कुछ पल का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं को नमन किया। इसके साथ ही विधानसभा की कार्यवाही विधिवत रूप से आगे बढ़ी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version