लोहरदगा : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज लोहरदगा की चुनावी सभा में झारखण्ड मुक्ति मोर्चा पर बड़ा हमला बोला है| उन्होंने झारखण्ड मुक्ति मोर्चा को आदिवासी विरोधी पार्टी बताते हुए कहा है कि आदिवासियों का खून चूसकर झामुमो, कांग्रेस और राजद नेताओं ने अकूत संपत्ति अर्जित की है| कांग्रेस के सांसद और कांग्रेसी मंत्री के पीए के ठिकानों से सैकड़ों करोड़ रूपये की बरामदगी इसका प्रमाण है|

उन्होंने कहा कि लगातार बांग्लादेशी घुसपैठिये झारखण्ड में प्रवेश कर बस रहे हैं और आदिवासियों की जमीन पर कब्जा कर रहे हैं, आदिवासी संस्कृति पर कुठाराघात कर रहे हैं| मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को बताना चाहिए कि संथालपरगना में आदिवासियों की आबादी घटकर केवल 28 प्रतिशत कैसे हो गयी| आश्चर्य होता है कि इसके बावजूद वे आदिवासियों के कल्याण के लिए काम करने का दावा रहे हैं| राजनाथ सिंह ने उपस्थित जनसमुदाय से भाजपा को वोट देने की अपील करते हुए कहा कि आदिवासियों का सर्वाधिक सम्मान भारतीय जनता पार्टी ने किया है|

भाजपा की सरकार बनने के बाद कोई घुसपैठिया आदिवासियों की जमीन पर कब्ज़ा नहीं कर सकेगा, भाजपा की सरकार ऐसा करनेवालों की खाट खड़ी कर देगी|

राजनाथ सिंह ने कहा कि झामुमो, कांग्रेस और राजद दगे हुए यानि फुस्स पटाखे हैं जबकि भाजपा ऐसी शक्तिशाली राकेट है जो झारखण्ड को नई ऊंचाईयों तक ले जायेगी| उन्होंने कहा कि झारखण्ड और भाजपा का आत्मीय रिश्ता है| झारखण्ड बनाने का काम किसी और पार्टी ने नहीं बल्कि भारतीय जनता पार्टी ने किया है|

श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी का मानना था कि जबतक यह भूभाग बिहार का हिस्सा बना रहेगा, हमारे गरीबों का, आदिवासियों का अपेक्षित विकास नहीं हो पायेगा, झारखण्ड अलग राज्य बनना ही चाहिए| उन्होंने कहा कि झारखण्ड को राज्य हमलोगों ने बनाया, यह सोचा था कि नवगठित झारखण्ड प्रदेश एक विकसित राज्य बनेगा| लेकिन जब – जब कांग्रेस – झामुमो – राजद की हुकूमत रही, झारखण्ड डूबता चला गया, लगातार गरीबी बढ़ती चली गयी| तेरह चीफ मिनिस्टर बने, उनमें से कई जेल भी गए, लेकिन मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि हमारी भारतीय जनता पार्टी का कोई मुख्यमंत्री जेल नहीं गया|

ये आते हैं तो अपना घर बनाने के लिए आते हैं, हमारी सरकार आती है तो हम झारखण्ड राज्य बनाने के लिए आते हैं| इनमें और हममें यही सबसे बड़ा फर्क है|

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version