Ranchi: बुधवार को झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान हो रहा है। इससे ठीक एक दिन पहले मंगलवार (12 नवंबर) को मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत सरकार द्वारा लाभुकों को पैसा भेजे जाने की शिकायत भाजपा ने की है। इस संबंध में प्रदेश भाजपा बुधवार को चुनाव आयोग पहुंची। भाजपा ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से मांग करते हुए पूछा कि मंईयां सम्मान योजना के तहत दी जाने वाली राशि चुनाव के एक दिन पहले रात में किसके आदेश पर दी गई।
भाजपा ने चुनाव प्रक्रिया में निष्पक्षता पर उठाए सवाल
भाजपा ने चुनाव आयोग को जानकारी दी कि आमतौर पर हर महीने की 6 और 7 तारीख को मंईयां सम्मान योजना का पैसा लाभुकों के खाते में जाता था। लेकिन इस बार, चुनाव के ठीक एक रात पहले यह पैसा भेजा गया, जो भाजपा के अनुसार चुनाव प्रक्रिया के लिए उचित नहीं है। भाजपा के नेताओं ने इसे चुनावी धांधली करार देते हुए कहा कि चुनाव के कारण मंईयां को पैसों के लिए एक सप्ताह इंतजार करना पड़ा, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
हटिया विधानसभा और अन्य शिकायतें
इसके अलावा, भाजपा विधि प्रकोष्ठ के संयोजक सुधीर श्रीवास्तव ने हटिया विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी अजय नाथ शाहदेव की भी शिकायत की। भाजपा ने आरोप लगाया कि हर बूथ पर शाहदेव की फोटो युक्त पर्ची बांटी जा रही थी, जो चुनावी आचार संहिता का उल्लंघन है।
महुआ माझी और पुलिस अधिकारी के खिलाफ भी शिकायत
भाजपा ने रांची से झामुमो की प्रत्याशी महुआ माझी के खिलाफ भी शिकायत दर्ज कराई। चुनाव के दौरान उन्हें चुटिया क्षेत्र में पार्टी का पट्टा पहनकर घूमते हुए देखा गया था। इसी तरह, हुसैनाबाद के थाना प्रभारी संजय कुमार यादव पर आरजेडी के समर्थन में खुलेआम काम करने और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट कर उन्हें बंद करने का आरोप भी लगाया गया। भाजपा ने यादव को सस्पेंड करने की मांग की।
जांच के आदेश और प्राथमिकी
चुनाव आयोग ने इन शिकायतों के आधार पर अजय नाथ शाहदेव और महुआ माझी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के आदेश दिए हैं। बाकी दो मामलों में जांच के आदेश भी दिए गए हैं। भाजपा प्रतिनिधिमंडल में पुष्कर तिवारी सहित अन्य वरिष्ठ नेता शामिल थे।