रांची : रांची समेत पूरे झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। सुबह और दोपहर तक तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है, लेकिन शाम होते-होते कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात का दौर शुरू हो जा रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में यह स्थिति फिलहाल जारी रहने वाली है। विभाग ने अनुमान जताया है कि 17 मई तक राज्य के कई हिस्सों में मौसम खराब रह सकता है। मौसम में इस बदलाव की वजह मध्य प्रदेश और हिमालयी क्षेत्र से पश्चिम बंगाल की ओर बने चक्रवाती सिस्टम को बताया जा रहा है, जिसका असर झारखंड में भी दिखाई दे रहा है।
12 मई को 13 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने 12 मई के लिए रांची समेत 13 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार रांची, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है।
इसके साथ मेघ गर्जन, वज्रपात और बारिश की भी संभावना जताई गई है। वहीं पलामू और गढ़वा को छोड़कर राज्य के अन्य जिलों में भी खराब मौसम को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
13 मई को भी खराब रहेगा मौसम
13 मई को भी मौसम का असर कम होने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने रांची समेत 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
रांची, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, गिरिडीह, देवघर और दुमका में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात की आशंका जताई गई है।
विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है।
14 और 15 मई को भी जारी रहेगा असर
14 मई को गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम खराब रहने की संभावना है। दोपहर बाद बादल छाने, तेज हवा चलने और बारिश के साथ वज्रपात हो सकता है। हवा की रफ्तार करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
15 मई को पूरे झारखंड में मौसम खराब रहने की आशंका है। मौसम विभाग ने पूरे राज्य के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यानी किसी भी जिले में अचानक मौसम बदल सकता है।
लोगों और किसानों के लिए सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को आंधी और वज्रपात के दौरान खुले मैदान में नहीं जाने की सलाह दी है। विभाग ने कहा है कि पेड़ और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें, क्योंकि इससे हादसे का खतरा बढ़ सकता है।
दोपहिया वाहन चालकों को भी विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। तेज हवा और अचानक बारिश के कारण संतुलन बिगड़ सकता है।
वहीं किसानों को खेतों में काम करते समय मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है, ताकि खराब मौसम आने से पहले सुरक्षित स्थान पर पहुंचा जा सके।
गर्मी से राहत, लेकिन बढ़ी चिंता
मौसम के इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से राहत जरूर मिल रही है, लेकिन तेज आंधी, वज्रपात और अचानक बारिश लोगों की परेशानी भी बढ़ा सकती है। ऐसे में अगले कुछ दिनों तक मौसम को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है।

