रांची: राजधानी रांची के पंडरा ओपी क्षेत्र में सुबह हुई गोलीबारी की घटना में घायल जमीन कारोबारी भार्गव सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। उनका उपचार पारस अस्पताल में चल रहा था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
इस घटना के बाद पूरे शहर में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की जांच में तेजी से जुटी हुई है।
सुबह मंदिर पहुंचे थे, तभी मारी गई गोली
जानकारी के अनुसार सुबह करीब साढ़े आठ बजे बाइक सवार अपराधियों ने भार्गव सिंह को उस समय निशाना बनाया, जब वह मंदिर में पूजा करने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि तीन अपराधियों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए।
गोली लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें पहले सिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद पारस अस्पताल रेफर किया गया था।
मास्टरमाइंड विजय टेटे गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए राकेश रंजन स्वयं जांच की निगरानी कर रहे थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर कथित मास्टरमाइंड विजय टेटे को शहर से भागने के दौरान गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के समय उसकी पत्नी भी उसके साथ मौजूद थी। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हमले के कारणों और अन्य शामिल लोगों की जानकारी जुटा रही है।
कारोबारी के रूप में थी पहचान
मृतक भार्गव सिंह बैंक कॉलोनी, ओझा मार्केट के निवासी थे। वे “गोल्डन सिटी इंडिया” नाम से कंपनी संचालित करते थे और जमीन कारोबार से जुड़े हुए थे।
पुलिस जांच जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फरार अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
इस घटना के बाद शहर के कारोबारी वर्ग में चिंता का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

