रांची : भाजपा रांची महानगर कार्यालय में महानगर अध्यक्ष वरुण साहू की अध्यक्षता में रांची नगर निगम की नवनिर्वाचित महापौर रोशनी खलखो के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर रांची नगर निगम के नवनिर्वाचित पार्षदों का भी स्वागत किया गया।
सम्मानित किए गए पार्षदों में नकुल तिर्की, सविता कच्छप, बसंती लकड़ा, गीता कुमारी, सुनील यादव, प्रदीप अग्रवाल, रश्मि चौधरी, नीरज कुमार, संजय सिंह, अजीत कच्छप, नीलम चौधरी, ममता देवी, अंजू देवी और परमजीत सिंह टिंकू शामिल रहे।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से सी.पी. सिंह, नवीन जायसवाल, सत्यनारायण सिंह, बलराम सिंह, जितेन्द्र वर्मा, रमेश सिंह और राजू सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जनता के सहयोग से मिली जीत : रोशनी खलखो
समारोह में रोशनी खलखो ने समर्थकों और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें अंतिम पंक्ति से उठाकर मेयर के पद तक पहुंचाने का श्रेय रांची की जनता और समर्थकों को जाता है।
रांची को चमकाने की जिम्मेदारी
इस अवसर पर रांची विधायक सी.पी. सिंह ने कहा कि अब रांची को चमकाने की जिम्मेदारी रोशनी खलखो के कंधों पर है और उन्हें विश्वास है कि रांची को स्वच्छता और विकास के मामले में इंदौर से आगे ले जाने में वे सफल होंगी।
हटिया विधायक नवीन जायसवाल ने कहा कि रोशनी खलखो हमेशा जनता के सुख-दुख में साथ रही हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में उनकी स्कूटी ही एंबुलेंस बन गई थी और मेयर बनने के बाद भी वे जनता के बीच “स्कूटी वाली दीदी” के रूप में ही रहेंगी।
समारोह की अध्यक्षता करते हुए वरुण साहू ने कहा कि यह सम्मान समारोह केवल एक व्यक्ति का अभिनंदन नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के समर्पण और रांची की जनता के विश्वास का उत्सव है।

