रांची : झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों को कथित रूप से HIV संक्रमित खून चढ़ाने का मामला जोरदार तरीके से उठा। माले विधायक अरूप चटर्जी ने स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मंत्री दोषियों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं।
सदन में अरूप चटर्जी ने सरकार से सवाल किया कि क्या यह सही है कि चाईबासा में थैलेसीमिया पीड़ित पांच बच्चों को HIV संक्रमित रक्त चढ़ाया गया, जिससे वे संक्रमित हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री एक तरफ घटना की पुष्टि करते हैं, वहीं दूसरी तरफ इससे इनकार भी करते हैं।
इस मुद्दे पर भाजपा विधायकों ने भी अरूप चटर्जी का समर्थन किया और स्वास्थ्य मंत्री से जवाब मांगा। सदन में इस विषय को लेकर तीखी बहस देखने को मिली।
स्वास्थ्य मंत्री का जवाब
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि पीड़ित बच्चों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। मंत्री ने कहा कि बच्चों की पूरी जिम्मेदारी सरकार ले रही है और मामले की जांच जारी है।
सदन में उठे इस मुद्दे ने स्वास्थ्य व्यवस्था और रक्त जांच प्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

