रांची : झारखंड में स्थानीय स्वशासन के भविष्य का फैसला आज होने जा रहा है। राज्य के 48 नगर निकायों में आज सुबह 8 बजे से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना शुरू हो रही है। रांची, धनबाद और जमशेदपुर जैसे बड़े शहरों के परिणामों पर पूरे राज्य की नजर टिकी हुई है।
राज्य निर्वाचन आयोग ने 1,309 मतगणना टेबलों पर पारदर्शी और निष्पक्ष प्रक्रिया अपनाने का दावा किया है। इस बार चुनाव बैलेट पेपर (मतपत्र) से कराए गए हैं, जिसके कारण परिणाम आने में अपेक्षाकृत अधिक समय लग सकता है।
यह चुनाव न केवल स्थानीय विकास की दिशा तय करेगा, बल्कि सत्ताधारी गठबंधन और विपक्षी दलों के जनाधार की भी महत्वपूर्ण परीक्षा माना जा रहा है।
राउंड के आधार पर होगी गिनती
झारखंड निर्वाचन आयोग के अनुसार मतगणना की अवधि निकाय के आकार और वार्डों की संख्या पर निर्भर करेगी।
- छोटे नगर निकायों में 2-3 राउंड में परिणाम स्पष्ट हो सकते हैं।
- बड़े नगर निगमों जैसे रांची में करीब 5 राउंड लग सकते हैं।
- बोकारो में 9 राउंड तक मतगणना चलने की संभावना है।
आयोग ने निर्देश दिया है कि हर राउंड के बाद आंशिक परिणाम घोषित किए जाएं, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति न उत्पन्न हो।

