रांची: रांची में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सिल्ली अंचल कार्यालय के अमीन गणेश महतो को 8,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, अमीन ने जमीन की नापी रिपोर्ट और नक्शा उपलब्ध कराने के बदले परिवादी वासुदेव महतो से घूस की मांग की थी। इस संबंध में पीड़ित ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी।
बताया गया कि परिवादी ने 16 दिसंबर 2025 को जमीन नापी के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। 10 फरवरी 2026 को भूमि की नापी की गई, लेकिन इसके बाद अमीन रिपोर्ट और नक्शा देने के एवज में 8,000 रुपये की रिश्वत मांगने लगा।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले की सत्यापन जांच कराई, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद टीम ने जाल बिछाकर अमीन को घूस लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
इस कार्रवाई के बाद संबंधित विभाग में हड़कंप मच गया है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

