बोकारो: बोकारो जिले की सुरक्षित मानी जाने वाली एलआईसी कॉलोनी में दिनदहाड़े बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। सेक्टर-6 थाना क्षेत्र स्थित जीवन कुटीर परिसर के मकान नंबर E-2 को निशाना बनाते हुए चोरों ने अलमारी से करीब 32 लाख रुपये के आभूषण और 60 हजार रुपये नकद उड़ा लिए।
यह घटना बोकारो स्टील सिटी में हुई, जब घर के सदस्य बाहर गए हुए थे। परिवार को चोरी की जानकारी तब मिली, जब एक पारिवारिक मित्र शादी का निमंत्रण देने घर पहुंचा और मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देखा। इसके बाद तुरंत परिजनों को सूचना दी गई।
घर लौटकर जांच करने पर अलमारी से कीमती गहने और नकदी गायब पाए गए। बताया गया है कि घर के मालिक एलआईसी अधिकारी मनीष सहाय 12 फरवरी को अपनी पत्नी के साथ मथुरा गए थे।
उनकी बेटी अंजलि ने बताया कि कोलकाता से लौटने के बाद जब घर की जांच की गई, तो करीब 32 लाख रुपये के जेवर और 60 हजार रुपये नकद गायब थे। चोरों ने घर के अन्य सामान को हाथ नहीं लगाया। उन्होंने कहा कि कॉलोनी में सुरक्षा गार्ड की मौजूदगी के बावजूद चोरी होना चिंता का विषय है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।

