हजारीबाग: हजारीबाग जिले के केरेडारी प्रखंड अंतर्गत जोरदाग गांव के पास पूर्व मंत्री योगेंद्र साव का वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में वे समेत गाड़ी में सवार अन्य लोग आंशिक रूप से घायल हो गए।
स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों के अनुसार, चलती गाड़ी के अचानक दो टायर फट गए, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
जानकारी के मुताबिक, इस दुर्घटना को क्षेत्र में चल रहे खनन कंपनी के खिलाफ आंदोलन से भी जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, फिलहाल किसी गंभीर चोट या बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है। सभी घायलों का प्राथमिक उपचार कराया गया है और उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

