Ranchi : आयकर विभाग की अनुसंधान शाखा ने गुरुवार को झारखंड और बिहार के कई जिलों में एक साथ बड़ी छापेमारी कार्रवाई शुरू की है। राजधानी रांची के अलावा जमशेदपुर, हजारीबाग और बिहार के कुछ प्रमुख जिलों में विभाग की टीमें अलग-अलग ठिकानों पर जांच कर रही हैं।
सूत्रों के अनुसार, आयकर विभाग को इनपुट मिला था कि कई बड़े कारोबारी अपनी वास्तविक आय छिपाकर बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी कर रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर यह समन्वित कार्रवाई की गई है। वर्ष 2026 में आयकर विभाग की यह पहली बड़ी छापेमारी मानी जा रही है।
अचानक हुई इस कार्रवाई से व्यापारिक जगत में हड़कंप मच गया है। फिलहाल छापेमारी की प्रक्रिया जारी है और विभाग की ओर से जांच के दायरे में आए कारोबारियों या प्रतिष्ठानों के नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। आयकर विभाग की टीमें जब्त दस्तावेजों, डिजिटल डेटा और वित्तीय लेन-देन की बारीकी से जांच कर रही हैं।
अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही टैक्स चोरी की वास्तविक राशि और आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

