Ranchi : डिजिटल स्वास्थ्य के क्षेत्र में झारखंड ने राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय पहचान बनाई है। राज्य की नागरिक-केंद्रित पहल आयुष्मान आरोग्य लोकेटर को प्रतिष्ठित SKOCH Award 2025 से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार 11 जनवरी को दिल्ली में आयोजित सम्मान समारोह में प्रदान किया गया।
यह सम्मान Ayushman Bharat Digital Mission के तहत झारखंड स्वास्थ्य विभाग की इस पहल के लिए दिया गया। कार्यक्रम दिल्ली स्थित इंडिया हेरिटेज सेंटर में आयोजित हुआ, जहां आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के मिशन डायरेक्टर सह अपर सचिव विद्यानंद शर्मा पंकज और उनकी टीम को सम्मानित किया गया। समारोह में एबीडीएम के संयुक्त निदेशक सहित विभागीय अधिकारी और टीम के सदस्य उपस्थित रहे।
आयुष्मान आरोग्य लोकेटर को आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। इसके माध्यम से लोग केवल एक गूगल सर्च के जरिए अपने आसपास उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की प्रमाणिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसमें स्वास्थ्य संस्थानों के फोटो, दिशा-निर्देश, संपर्क नंबर और उपलब्ध सेवाओं का विवरण शामिल है। खास बात यह है कि स्वास्थ्य उप-केंद्र स्तर तक मैपिंग पूरी की गई है, जिससे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतर दृश्यता सुनिश्चित हुई है।
यह पहल स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता बढ़ाने के साथ-साथ समय पर उपचार तक लोगों की पहुंच को आसान बनाती है। आयुष्मान आरोग्य लोकेटर को विकसित भारत के दृष्टिकोण के अनुरूप डिजिटल स्वास्थ्य प्रणाली को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
SKOCH Group देशभर में विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों का मूल्यांकन कर पुरस्कार प्रदान करता है। इस सम्मान के साथ झारखंड ने डिजिटल नवाचार के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने की अपनी प्रतिबद्धता को राष्ट्रीय मंच पर स्थापित किया है।

