दिल्ली: राजद विधायक सुरेश पासवान की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें दिल्ली के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिछले कुछ दिनों से उन्हें कमजोरी और अन्य स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें बनी हुई थीं। परिजनों ने बताया कि चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी स्थिति की निगरानी कर रही है।
डॉक्टरों ने बताया स्वास्थ्य अपडेट
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, जांच में विधायक सुरेश पासवान का ब्लड शुगर लेवल अधिक पाया गया। साथ ही, किडनी और लीवर में संक्रमण की समस्या भी सामने आई है। फिलहाल डॉक्टरों ने बताया कि विधायक की हालत स्थिर है और इलाज का सकारात्मक असर दिखाई दे रहा है।
तीन-चार दिनों में मिल सकती है छुट्टी
मैक्स अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि लगातार मॉनिटरिंग और दवाओं से स्थिति में सुधार हो रहा है। उम्मीद है कि आने वाले तीन से चार दिनों में उन्हें डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। हालांकि, पूरी तरह स्वस्थ होने तक उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा जाएगा।
समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने की स्वस्थ होने की कामना
राजद विधायक की तबीयत बिगड़ने की खबर के बाद उनके समर्थक और पार्टी कार्यकर्ता लगातार संपर्क में हैं। सोशल मीडिया पर भी कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।