Giridih News: झारखंड के गिरिडीह जिले में अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने कारोबारी कैलाश मंडल के घर से करीब 32 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। घटना सरिया थाना क्षेत्र के पेठियाटांड़ गांव की है।
कारोबारी के घर से 32 लाख की संपत्ति गायब
गल्ला व्यवसायी कैलाश मंडल ने बताया कि चोरों ने उनके घर से 17 लाख रुपये नकद समेत करीब 32 लाख रुपये की संपत्ति चुरा ली। कारोबारी ने हाल ही में घर निर्माण और कारोबार के विस्तार के लिए बैंक से बड़ी रकम निकाली थी, जिसे घर में रखा गया था। गुरुवार की देर रात अज्ञात चोर घर में घुसकर नकदी और कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
चोरी की वारदात से इलाके में सनसनी
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। शुक्रवार की सुबह गुस्साए व्यवसायियों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। सड़क पर जाम लगने से कई घंटों तक यातायात बाधित रहा और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस जांच में जुटी, बढ़ाई गई गश्त
सूचना पाकर सरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पुलिस ने आसपास के इलाके में गश्त बढ़ा दी है और चोरों की पहचान के लिए कई पहलुओं पर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं ताकि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
गिरिडीह में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाएं
गिरिडीह में पिछले कुछ महीनों से चोरी और लूटपाट की घटनाओं में तेजी आई है। स्थानीय व्यापारी संगठनों का कहना है कि पुलिस गश्त को और प्रभावी बनाने की जरूरत है। उन्होंने प्रशासन से अपराधियों पर लगाम लगाने की मांग की है।
इसे भी पढ़ें
Palamu News: पलामू सेंट्रल जेल से 200 कैदी होंगे शिफ्ट, हाई-प्रोफाइल बंदियों पर कड़ी नजर