गिरिडीह : झारखंड के गिरिडीह शहर में सोमवार देर रात एक युवक की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना पचम्बा थाना क्षेत्र के आजाद नगर चदरा पुल के पास रात करीब 1 बजे हुई। मृतक की पहचान तौफिक अंसारी (24 वर्ष) के रूप में हुई है।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
फोन कर बुलाया, फिर हुआ हमला
मृतक के साथी अखलाख के अनुसार, सोमवार रात करीब 12 बजे के बाद तौफिक के मोबाइल पर उसके परिचित आसिफ अली का फोन आया, जिसने उसे मिलने के लिए बुलाया। इसके बाद तौफिक अपने साथियों के साथ चदरा पुल पहुंचा।
वहां पहले से मौजूद आरोपियों ने कथित रूप से गाली-गलौज शुरू कर दी। बीच-बचाव के दौरान स्थिति बिगड़ गई और आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले के दौरान अन्य साथी जान बचाकर भाग निकले, जबकि तौफिक गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।
मरने से पहले बयान देने का दावा
मृतक के परिजनों का दावा है कि तौफिक ने मरने से पहले हमलावरों के नाम बताए थे, जिसका बयान मोबाइल फोन में रिकॉर्ड भी किया गया है। परिजनों के अनुसार, उसने आसिफ अली, साकिब, अरशद और मोनू पठान को जिम्मेदार बताया।
परिवार के एक सदस्य ने बताया कि सूचना मिलने पर जब वे मौके पर पहुंचे तो तौफिक खून से लथपथ पड़ा था।
नाले से मिला मोबाइल, जांच तेज
घटनास्थल के पास एक नाले से मृतक का मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस का दावा- आपसी रंजिश में हत्या
पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि तौफिक अंसारी पहले से आपराधिक मामलों में वांटेड था और हाल ही में जेल से बाहर आया था।
पुलिस के अनुसार, जिन युवकों पर हत्या का आरोप है वे भी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और यह घटना आपसी रंजिश का परिणाम प्रतीत होती है। सभी आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है।
परिवार पर टूटा दुख का पहाड़
परिजनों के मुताबिक, तौफिक अंसारी किराये पर वाहन चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। अचानक हुई इस घटना से परिवार में मातम का माहौल है।

