रांची: साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से झारखंड के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने रांची समेत राज्य के कई जिलों में 23 से 26 जुलाई तक भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी करते हुए येलो अलर्ट घोषित किया है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से खुले स्थानों में नहीं जाने की अपील की गई है।
बुधवार को राज्य में सबसे अधिक 41 मिमी बारिश बहरागोड़ा में दर्ज की गई। इसके अलावा रांची में 4 मिमी, जमशेदपुर में 12 मिमी, मेदिनीनगर में 1 मिमी, बोकारो में 3 मिमी, खूंटी में 13 मिमी, हजारीबाग में 10 मिमी, सरायकेला में 20 मिमी और जगन्नाथपुर में 4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
23 से 26 जुलाई तक इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
23 जुलाई: रांची, खूंटी, गुमला, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, लातेहार और लोहरदगा।
24 जुलाई: रांची, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, चतरा, पलामू, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और बोकारो।
25 जुलाई: रांची, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, चतरा, लातेहार, लोहरदगा और गुमला।
26 जुलाई: रांची, हजारीबाग, रामगढ़, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, लोहरदगा, लातेहार, पलामू, गढ़वा और चतरा।
इन सभी जिलों के लिए मौसम विभाग ने भारी बारिश और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
राज्य में अब भी सामान्य से कम हुई बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, 1 जून से 22 जुलाई के बीच झारखंड में सामान्य वर्षा 414.9 मिमी होनी चाहिए थी, जबकि अब तक 299.1 मिमी ही बारिश दर्ज की गई है। यानी राज्य में अब भी सामान्य से 28 प्रतिशत कम वर्षा हुई है।
जिलों की बात करें तो साहिबगंज, सरायकेला-खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई है। वहीं राजधानी रांची में सामान्य से 13 प्रतिशत कम वर्षा हुई है।
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि भारी बारिश और वज्रपात के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें तथा जलभराव और बिजली गिरने की आशंका वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें।

