रांची। क्या हेमंत सोरेन सरकार वाकई में चंपाई सोरेन की जासूसी करवा रही थी?
यह गंभीर आरोप भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार पर लगाया है। मरांडी ने दावा किया है कि चंपाई सोरेन को हनी ट्रैप में फंसाने की भी योजना बनाई गई थी।
दिल्ली में पकड़े गए स्पेशल ब्रांच के अधिकारी
दरअसल, इस मामले में तब और गंभीरता आई जब झारखंड स्पेशल ब्रांच के दो सब इंस्पेक्टर, राज तिलक और गौरव को दिल्ली के चाणक्यपुरी थाने की पुलिस ने हिरासत में लिया।
दोनों पर आरोप था कि वे पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान में मंत्री चंपाई सोरेन की जासूसी कर रहे थे। पुलिस ने घंटों पूछताछ के बाद दोनों को छोड़ दिया।
मंगलवार रात करीब 11 बजे झारखंड पुलिस को दोनों इंस्पेक्टरों की गिरफ्तारी की सूचना मिली, जिसके बाद झारखंड पुलिस ने दिल्ली पुलिस से संपर्क कर बताया कि दोनों अधिकारी विशेष ब्रांच के हैं और उन्हें चंपाई सोरेन की सुरक्षा के लिए तैनात किया गया था।
आप्त सचिव की शिकायत
इस घटना के बाद चंपाई सोरेन के आप्त सचिव गुरु प्रसाद महतो ने चाणक्यपुरी थाने में एक शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत में उन्होंने बताया कि 27 और 28 अगस्त को दिल्ली दौरे के दौरान चंपाई सोरेन की गोपनीय रूप से जासूसी की जा रही थी।
दो अज्ञात व्यक्तियों ने मंत्री की तस्वीरें और वीडियो बनाए, जो संदिग्ध लगे। आप्त सचिव ने आशंका जताई कि इस घटना से मंत्री की जान को खतरा हो सकता है।
होटल आईटीसी मौर्या के सुरक्षा प्रहरियों ने दोनों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था।
झारखंड पुलिस की सफाई
पुलिस मुख्यालय मीडिया सेल ने इस मामले में स्पष्टीकरण देते हुए बताया कि पारंपरिक रूप से स्पेशल ब्रांच की टीम दिल्ली और अन्य राज्यों में झारखंड संबंधी महत्वपूर्ण मुद्दों पर जानकारी इकट्ठा करती है और सुरक्षा प्रदान करने में भी सहायता करती है।
दिल्ली में दोनों सब इंस्पेक्टर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए भेजे गए थे।
झारखंड पुलिस के अनुसार, दोनों अधिकारी गलतफहमी का शिकार हो गए और उन्हें बाद में छोड़ दिया गया।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि विशेष शाखा की टीम द्वारा किसी की जासूसी कराने का आरोप पूरी तरह से निराधार है।
झामुमो का पलटवार: भाजपा ने फैलाई फरेब
झामुमो महासचिव विनोद पांडेय ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया और भाजपा पर झूठ फैलाने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि भाजपा के नेताओं ने झूठ बोल-बोलकर पूरे देश को भ्रमित कर दिया है।
पांडेय ने कहा कि जब चंपाई सोरेन ने स्वयं ही भाजपा में शामिल होने का ऐलान कर दिया है और दिल्ली में सार्वजनिक रूप से नजर आए हैं, तो उनकी जासूसी का सवाल ही नहीं उठता।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के नेता हेमंत सोरेन की लोकप्रियता से घबरा कर असंतुलित बयान दे रहे हैं।
भाजपा नेताओं को देश से माफी मांगनी चाहिए
झामुमो ने भाजपा के नेताओं से माफी मांगने की मांग की है।
पांडेय ने कहा कि भाजपा के नेताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की लोकप्रियता देखकर संतुलन खो दिया है और अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता सिर्फ राजनीतिक फरेब के लिए झूठी सूचनाएं फैला रहे हैं, जिससे उनकी विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो गए हैं।