दुमका: दुमका व्यवहार न्यायालय के बाहर मंगलवार को उस समय हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब एक महिला ने अपने पति की सरेआम पिटाई कर दी। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के परिजन भी आमने-सामने आ गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
स्थिति बिगड़ते देख मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया। सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई।
दो साल पहले हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार, जामा थाना क्षेत्र के छैलापाथर गांव की रहने वाली सबीरा खातून की शादी करीब दो साल पहले मसलिया प्रखंड के बड़ा डुमरिया गांव निवासी नुरेमान अंसारी से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था, जो अब कोर्ट तक पहुंच चुका है।
बताया जा रहा है कि जामा थाना में पहले से ही मामला दर्ज है और इसकी सुनवाई न्यायालय में चल रही है। इसी सिलसिले में दोनों पक्ष मंगलवार को कोर्ट पहुंचे थे।
केस वापस लेने का आरोप
महिला का आरोप है कि उसके पति और ससुराल पक्ष के लोग उस पर केस वापस लेने का दबाव बना रहे थे। इसके साथ ही जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और मारपीट की घटना सामने आई।
दूसरी शादी का भी आरोप
सबीरा खातून ने अपने पति पर दूसरी शादी करने का आरोप भी लगाया है। वहीं नुरेमान अंसारी ने इन सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मारपीट उनकी पत्नी ने ही की है और दूसरी शादी का आरोप गलत है।
पुलिस कर रही जांच
फिलहाल दोनों पक्ष नगर थाना पहुंचे हैं, जहां महिला की ओर से लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

