कोडरमा: केंद्र सरकार में महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने रविवार को कोडरमा जिले के चाराडीह स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में दर्शन-पूजन कर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान वह अपने परिजनों के साथ मंदिर पहुंचीं और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की।
मंदिर में की विशेष पूजा
केंद्रीय मंत्री ने मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया और राधा-कृष्ण की आराधना कर देश एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। उनके आगमन पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की भीड़ भी देखने को मिली।
सरोवर में मछलियों को खिलाया दाना
पूजा-अर्चना के बाद अन्नपूर्णा देवी ने मंदिर परिसर स्थित सरोवर का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने सरोवर में मौजूद मछलियों को दाना खिलाया और कुछ समय मंदिर परिसर में बिताया।
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
केंद्रीय मंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने मंदिर परिसर और आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

