रांची : विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) ने झारखंड की चार निजी विश्वविद्यालयों को नोटिस जारी किया है।
आयोग का कहना है कि इन संस्थानों ने अपनी वेबसाइट पर अनिवार्य जानकारियां उपलब्ध नहीं कराई हैं। यूजीसी ने साफ चेतावनी दी है कि पारदर्शिता में कमी पाए जाने पर संबंधित यूनिवर्सिटीज पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
UGC ने मांगी पारदर्शिता
यूजीसी के निर्देश के अनुसार सभी निजी विश्वविद्यालयों को अपनी वेबसाइट पर कोर्स, फैकल्टी, शोध कार्य, इंफ्रास्ट्रक्चर, फाइनेंस और गवर्नेंस से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक करनी होगी। यह जानकारी छात्रों, अभिभावकों और आम जनता को बिना किसी लॉगिन या रजिस्ट्रेशन के उपलब्ध होनी चाहिए।
देशभर की 54 यूनिवर्सिटीज पर नोटिस
आयोग ने कुल 54 निजी विश्वविद्यालयों को यह नोटिस भेजा है, जिनमें झारखंड की चार संस्थाएं भी शामिल हैं। इसके अलावा गुजरात, बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तराखंड, त्रिपुरा, मणिपुर, गोवा, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, सिक्किम और पश्चिम बंगाल की यूनिवर्सिटीज को भी नोटिस जारी किया गया है।
छात्रों और अभिभावकों के लिए बड़ी पहल
विशेषज्ञों का कहना है कि पारदर्शी जानकारी उपलब्ध होने से छात्रों और उनके अभिभावकों को सही निर्णय लेने में आसानी होगी। कोर्स, फीस और फैकल्टी से जुड़ी जानकारी छिपाए जाने पर छात्र गुमराह हो सकते हैं।
वेबसाइट अपडेट करने का सख्त निर्देश
यूजीसी ने सभी नोटिस प्राप्त विश्वविद्यालयों को जल्द से जल्द अपनी वेबसाइट अपडेट करने के निर्देश दिए हैं। यदि संस्थान समय पर अनुपालन नहीं करते हैं, तो मान्यता रद्द करने जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है।

