रांची : धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को तोरपा विधायक सुदीप गुडिया ने कर्रा प्रखंड के जलंगा गोविंदपुर पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किया और श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।
भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष को किया याद
श्रद्धांजलि कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सुदीप गुडिया ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के साथ-साथ आदिवासी समाज के स्वाभिमान, अधिकार और अस्मिता के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया था। उनका जीवन त्याग, बलिदान और साहस की मिसाल है।
उन्होंने कहा कि धरती आबा के विचार आज भी समाज को अन्याय, शोषण और भेदभाव के खिलाफ संघर्ष करने की प्रेरणा देते हैं। उनके आदर्श आने वाली पीढ़ियों को अपने अधिकारों और संस्कृति की रक्षा के लिए हमेशा प्रेरित करते रहेंगे।
विकास और विरासत संरक्षण का लिया संकल्प
विधायक ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के बताए मार्ग पर चलकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने झारखंड की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और समाज के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प भी दोहराया।
बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष राहुल केशरी, झामुमो प्रखंड सचिव विनोद उरांव, प्रखंड उपाध्यक्ष लछुवा लोहरा, मुखिया छत्री हेमरोम, सोसन होरो, शम्भू शर्मा, नामजन होरो, दिलीप होरो, बाका लकड़ा, सुदेश होरो, सुनील धान, कार्तिक उरांव, रोशन उरांव, गंदुर उरांव, लछु तिर्की, संजय गोप, संजीव सिंह, संदीप कुमार, संतोष सिंह, संजय मुंडा, बिरसा होरो समेत कई गणमान्य लोग और ग्रामीण उपस्थित थे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को आत्मसात करने तथा समाज और राज्य के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

