हजारीबाग: हजारीबाग के डेमोटांड़ स्थित कॉलेज ऑफ डेंटल साइंसेज एंड हॉस्पिटल में कार्यरत स्टोर इंचार्ज विकास कुमार सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। घटना 18 जुलाई की देर रात की बताई जा रही है। मृतक बिहार के रोहतास जिले के अरिहत थाना क्षेत्र स्थित भस्वारा गांव का निवासी था और अस्पताल के स्टोर इंचार्ज के रूप में कार्यरत था।
रसोई कर्मियों पर हत्या का आरोप
घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक के रिश्तेदार ब्रजकुमार सिंह ने आरोप लगाया है कि अस्पताल की रसोई में काम करने वाले तीन लोगों—गिरिडीह निवासी पवन कुमार, मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के भेलवारा गांव निवासी दशरथ यादव और अर्जुन—ने विकास कुमार सिंह की हत्या की है।
साथ खाना खाने के बाद कमरे में मिला शव
अस्पताल कर्मियों के अनुसार, घटना से पहले विकास कुमार सिंह और तीनों आरोपी एक साथ खाना खाकर अपने कमरे में गए थे। सभी एक ही कमरे में रहते थे। शनिवार सुबह जब लोगों ने कमरे में देखा तो विकास कुमार सिंह का शव पड़ा मिला, जबकि पवन कुमार और अर्जुन मौके से फरार थे।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके। फिलहाल पुलिस ने मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
जांच के बाद होगा पूरे मामले का खुलासा
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

