रांची: राजधानी रांची में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस मुख्यालय ने बड़ा कदम उठाया है। शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की गुणवत्ता और कार्यक्षमता की समीक्षा के लिए एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया गया है।
कैमरों की गुणवत्ता की होगी जांच
जारी आदेश के अनुसार, यह समिति शहर के विभिन्न इलाकों में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की वर्तमान स्थिति का आकलन करेगी। साथ ही कैमरों की गुणवत्ता, रिजॉल्यूशन और उनकी कार्यक्षमता की जांच कर आवश्यक सुधार के सुझाव देगी।
नए स्थानों की भी होगी पहचान
समिति केवल मौजूदा कैमरों की समीक्षा तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि ऐसे संवेदनशील स्थानों की भी पहचान करेगी जहां नए सीसीटीवी कैमरे लगाने की जरूरत है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा सके।
वरिष्ठ अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
इस समिति के अध्यक्ष अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध अनुसंधान विभाग) मनोज कौशिक को बनाया गया है। वहीं, पुलिस उप-महानिरीक्षक झारखंड जगुआर इन्द्रजीत महथा और रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
जल्द सौंपी जाएगी रिपोर्ट
समिति शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर निरीक्षण करेगी और एक विस्तृत रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय को सौंपेगी। इस रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी, जिससे सीसीटीवी नेटवर्क को और अधिक प्रभावी और सक्रिय बनाया जा सके।
इस पहल को राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

