रांची: राजधानी रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर शनिवार रात भुवनेश्वर से पहुंची इंडिगो की एक फ्लाइट में तकनीकी खराबी मिलने के बाद उसे एहतियातन ग्राउंडेड कर दिया गया। राहत की बात यह रही कि विमान सुरक्षित रूप से रांची एयरपोर्ट पर उतर चुका था और उसमें सवार करीब 70 यात्री पूरी तरह सुरक्षित रहे।
रूटीन जांच में सामने आई तकनीकी खराबी
जानकारी के अनुसार, विमान शनिवार शाम करीब 6 बजे भुवनेश्वर से रांची पहुंचा। सभी यात्रियों के उतरने के बाद इंजीनियरों ने विमान की नियमित तकनीकी जांच की। इसी दौरान विमान में तकनीकी खामी का पता चला, जिसके बाद उसे तत्काल उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी गई।
भुवनेश्वर जाने वाले यात्रियों को विमान से उतारा गया
इस बीच भुवनेश्वर जाने वाले यात्री विमान में सवार हो चुके थे। करीब डेढ़ घंटे तक इंतजार कराने के बाद एयरलाइन की ओर से यात्रियों को तकनीकी खराबी की जानकारी दी गई। इसके बाद सभी यात्रियों से विमान खाली करने का अनुरोध किया गया।
तकनीकी समस्या के कारण रांची-कोलकाता निर्धारित उड़ान भी रद्द करनी पड़ी। इस फ्लाइट के यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए उन्हें भुवनेश्वर भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।
यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के निदेशक विनोद कुमार ने बताया कि विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद हुई नियमित तकनीकी जांच में कमी सामने आई। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एहतियातन विमान को ग्राउंडेड घोषित किया गया। उन्होंने कहा कि विमान में आवश्यक तकनीकी जांच और मरम्मत के बाद ही उसे दोबारा परिचालन की अनुमति दी जाएगी।

