फीस वृद्धि के विरोध में छात्रों का बढ़ता आक्रोश
रांची स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय में फीस कटौती की मांग को लेकर छात्र आंदोलन तेज हो गया है। कॉमर्स विभाग के छात्र लगातार बढ़ी हुई फीस के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं और विश्वविद्यालय प्रशासन पर जल्द निर्णय लेने का दबाव बना रहे हैं।
कुलपति को सौंपा गया था ज्ञापन
छात्रों ने 18 मार्च को नव नियुक्त कुलपति राजीव मनोहर को ज्ञापन सौंपकर फीस कम करने की मांग की थी। प्रारंभ में कुलपति ने इस मामले पर विचार के लिए एक सप्ताह का समय मांगा था, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया।
इसके बाद छात्रों ने दोबारा कुलपति से मुलाकात की, जहां उन्होंने मामले की पूरी जानकारी न होने की बात कहते हुए दो दिन का अतिरिक्त समय मांगा, लेकिन इस अवधि के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।
परीक्षा के बाद निर्णय का आश्वासन
कुलपति ने स्पष्ट किया है कि 2 से 9 अप्रैल तक विश्वविद्यालय में परीक्षाएं निर्धारित हैं, इसलिए इस मुद्दे पर परीक्षा के बाद ही निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि फीस विवाद के कारण किसी भी छात्र को परीक्षा देने से नहीं रोका जाएगा।
तालाबंदी की चेतावनी, आंदोलन होगा तेज
इधर, छात्रों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि 9 अप्रैल तक फीस कटौती पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो वे कॉमर्स विभाग और प्रशासनिक भवन में तालाबंदी करेंगे। छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

