रांची : झारखंड एटीएस (Jharkhand ATS) की टीम ने कुख्यात गैंगस्टर मयंक सिंह उर्फ सुनील मीणा को छह दिनों की रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बुधवार को कड़ी सुरक्षा के बीच रामगढ़ जेल से उसे रांची के धुर्वा स्थित एटीएस मुख्यालय लाया गया।
अजरबैजान से लाया गया था गैंगस्टर मयंक सिंह
मयंक सिंह को हाल ही में अजरबैजान से प्रत्यर्पित कर झारखंड लाया गया था। उसके बाद से वह रामगढ़ जेल में न्यायिक हिरासत में था। अदालत से अनुमति मिलने के बाद अब एटीएस ने उसे छह दिनों की रिमांड पर लिया है।
एटीएस की पूछताछ के मुख्य बिंदु
सूत्रों के अनुसार, एटीएस मयंक सिंह से गैंग की गतिविधियों, हथियारों के जखीरे और आपराधिक नेटवर्क को लेकर पूछताछ करेगी। बताया जा रहा है कि उससे गैंगस्टर अमन साहू और लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े कई मामलों पर सवाल-जवाब होंगे।
मयंक सिंह को अमन साहू का सबसे भरोसेमंद साथी माना जाता रहा है। जांच एजेंसियां इस पूछताछ के जरिए झारखंड और आसपास के राज्यों में सक्रिय गैंगस्टरों की गतिविधियों का खुलासा करने की कोशिश में हैं।
48 आपराधिक मामले दर्ज
गैंगस्टर मयंक सिंह पर झारखंड के विभिन्न जिलों में कुल 48 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, रंगदारी वसूली, अवैध हथियार कारोबार और गैंगवार जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं।
सबसे ज्यादा मामले हजारीबाग जिले में दर्ज हैं, जहां बड़कागांव, केरेडारी, कोर्रा और हजारीबाग सदर थानों में उस पर एक दर्जन से अधिक केस पंजीकृत हैं।
रांची एटीएस की बड़ी कार्रवाई
झारखंड एटीएस के एसपी ऋषभ झा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने मयंक सिंह को अजरबैजान से भारत लाकर रांची पहुंचाया था। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इस पूछताछ से कई अहम सुराग मिल सकते हैं, जिससे राज्यभर में फैले आपराधिक नेटवर्क पर शिकंजा कसने में मदद मिलेगी।
इसे भी पढ़ें
हजारीबाग भूमि घोटाले में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, रिटायर्ड आईएएस अधिकारी गिरफ्तार