रांची : सिलीगुड़ी के होटल बरसाना में यूनाइटेड काउंसिल ऑफ मार्शल आर्ट्स, योगा एंड पोल स्पोर्ट्स फेडरेशन द्वारा आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय योगासन प्रतियोगिता में रांची के खिलाड़ी जगदीश सिंह ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चैम्पियन ऑफ चैम्पियन रनर-अप का सम्मान हासिल किया। इसके साथ ही उन्होंने अपने वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर झारखंड का नाम रोशन किया।
इस उपलब्धि के बाद जगदीश सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी कोच और डिवाइन योगा अकादमी की निदेशक डॉ. परिणीता सिंह को दिया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के दौरान कोच द्वारा दिए गए मार्गदर्शन और तकनीकी सुझावों ने उन्हें बेहतर प्रदर्शन करने में मदद की।
कोच की सलाह बनी सफलता की कुंजी
जगदीश सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता से पहले उनकी कोच ने योगासन करते समय पूर्ण स्थिरता बनाए रखने और संतुलन पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी थी। इसी रणनीति को अपनाते हुए उन्होंने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की।
उन्होंने कहा कि यह उनके खेल जीवन का अब तक का सबसे बड़ा सम्मान है, जो उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा।
डिवाइन योगा अकादमी के खिलाड़ियों ने जीते चार पदक
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में डिवाइन योगा अकादमी की तीन सदस्यीय टीम ने भी शानदार प्रदर्शन किया। टीम में जगदीश सिंह, शत्रुघ्न कुमार, प्रदीप कुंभकार और नकुल कुमार शामिल थे।
प्रतियोगिता में जगदीश सिंह ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि शत्रुघ्न कुमार ने रजत पदक अपने नाम किया। वहीं प्रदीप कुंभकार और नकुल कुमार ने कांस्य पदक हासिल किया।
इस प्रदर्शन के साथ डिवाइन योगा अकादमी, झारखंड के खाते में एक स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक आए।
देशभर के 900 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
फेडरेशन के इंद्ररूप रॉय चौधरी के अनुसार राष्ट्रीय योगासन प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से 900 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया, जिससे आयोजन का स्तर और प्रतिस्पर्धा दोनों काफी ऊंचे रहे।
झारखंड के खिलाड़ियों की इस सफलता से राज्य के योग जगत में उत्साह का माहौल है और युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिली है।

