रायकेला-खरसावां : आजसू पार्टी प्रमुख सुदेश महतो ने कहा कि आजसू पार्टी का उद्देश्य केवल वोट हासिल करना नहीं, बल्कि झारखंड का नवनिर्माण करना है। उन्होंने कहा कि राज्य को सही दिशा देने के लिए युवाओं को आगे आना होगा और समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
सरायकेला टाउन हॉल में आयोजित आजसू पार्टी की कोल्हान प्रमंडलीय बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के पास विकास का कोई स्पष्ट रोडमैप नहीं है। राज्य में माफिया राज और भ्रष्टाचार का बोलबाला है, जिसके खिलाफ जनता में व्यापक असंतोष है।
22 जून को धनबाद में होगा जनाक्रोश मार्च
सुदेश महतो ने कहा कि राज्य की मौजूदा परिस्थितियों के विरोध में आजसू पार्टी 22 जून को धनबाद में स्थापना दिवस के अवसर पर जनाक्रोश मार्च आयोजित करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि यह आंदोलन राज्य में बढ़ते भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर जनता की आवाज बुलंद करने का माध्यम बनेगा।
युवा शक्ति को संगठित करने पर जोर
आजसू प्रमुख ने कहा कि पार्टी झारखंड के भविष्य की तैयारी के लिए युवा शक्ति को संगठित कर रही है। इसी कड़ी में 7 और 8 अगस्त को जमशेदपुर में युवा आजसू सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन के माध्यम से 10 हजार सक्रिय युवा कार्यकर्ताओं को तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि संगठन को गांव और बूथ स्तर तक मजबूत किया जा सके।
5 जुलाई को रांची में महिला अधिवेशन
सुदेश महतो ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में आजसू पार्टी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने बताया कि 5 जुलाई को रांची में प्रदेश महिला अधिवेशन आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पंचायत चुनावों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिलाने और महिला समूहों के गठन को बढ़ावा देने में आजसू की अहम भागीदारी रही है। पार्टी आगे भी महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रयास करती रहेगी।
कई वरिष्ठ नेताओं ने रखे विचार
बैठक को पूर्व मंत्री Ramchandra Sahis रामचंद्र सहिस, केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर, केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो, प्रो. रविशंकर मौर्य, केंद्रीय सचिव सत्यनारायण महतो, चंद्रगुप्त सिंह, नंदलाल बिरुवा, नंदू पटेल, दिनेश चंद्र बाईपोई और चंद्रमोहन सिंकू सहित कई नेताओं ने संबोधित किया।
बैठक में संगठन विस्तार, बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत बनाने और आगामी राजनीतिक रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई। इसके अलावा विकास, रोजगार, भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था और अन्य जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर भी मंथन हुआ।
सैकड़ों लोगों ने थामा आजसू का दामन
बैठक के अंत में ओडिशा के क्योंझर जिले से आए सैकड़ों लोगों ने सुदेश महतो की उपस्थिति में आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी नेताओं ने इसे संगठन के विस्तार और जनाधार बढ़ने का संकेत बताया।

