रांची: राजधानी रांची के कई इलाकों में आज 30 मार्च को बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बाधित रहेगी। झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड ने जानकारी देते हुए बताया है कि आवश्यक रखरखाव और विकास कार्यों के कारण अलग-अलग क्षेत्रों में तय समय के अनुसार शटडाउन लिया जाएगा।
बरियातू फीडर क्षेत्र में काम
विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल आरएमसीएच के अंतर्गत 11 केवी बरियातू फीडर में कार्य किया जाएगा। यहां अरविंद मार्ग और मैथन विवाह भवन के पास नए विद्युत पोल लगाने का कार्य निर्धारित है। इसके चलते सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
डोरंडा क्षेत्र में भी रहेगा असर
डोरंडा अवर प्रमंडल क्षेत्र में हिनू एयरपोर्ट रोड पर तार बदलने और पोल लगाने का कार्य किया जाएगा। इस कारण सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। इस दौरान हिनू एयरपोर्ट रोड और आसपास के इलाकों के उपभोक्ता प्रभावित होंगे।
उपभोक्ताओं से अपील
बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय से पहले अपने जरूरी कार्य निपटा लें, ताकि असुविधा से बचा जा सके।
विभाग के अनुसार, यह कार्य बिजली आपूर्ति को अधिक सुरक्षित और सुचारू बनाने के लिए किया जा रहा है। कार्य पूरा होते ही आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।

