रामगढ़ : रामगढ़ जिले में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार तड़के पुलिस को बड़ी सफलता मिली। पतरातू थाना क्षेत्र में पुलिस और प्रिंस खान गैंग से कथित रूप से जुड़े एक अपराधी के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान कुख्यात अपराधी शिवराज उर्फ शिवा डोम के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस संयुक्त अभियान में रांची, रामगढ़ और धनबाद पुलिस की टीमों ने भाग लिया।
गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि भुरकुंडा के सयाल निवासी शिवराज किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने दो अवैध पिस्टल छिपाकर रखने की जानकारी दी। इसके बाद सोमवार सुबह करीब 4:40 बजे पुलिस टीम उसकी निशानदेही पर हथियार बरामद करने पहुंची।
पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, हथियार बरामदगी के दौरान शिवराज ने अचानक एक पिस्टल निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी।
घायल शिवराज को तत्काल भुरकुंडा स्थित सीसीएल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
दो पिस्टल और 60 जिंदा कारतूस बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो अवैध पिस्टल, लगभग 60 जिंदा कारतूस तथा अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया है। बरामद हथियारों और कारतूसों की जांच की जा रही है।
कई गिरोहों से जुड़े होने का आरोप
पुलिस के अनुसार, शिवराज पहले अमन श्रीवास्तव और राहुल दुबे गिरोह से जुड़ा रहा है। वर्तमान में वह कथित रूप से प्रिंस खान गैंग के संपर्क में रहकर बड़ी आपराधिक वारदात की साजिश रच रहा था।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी के आपराधिक नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

