नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि केंद्र सरकार छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी है और उनका भविष्य सुरक्षित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने एनडीए सांसदों की ‘मंगल मिलन’ बैठक के बाद मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री ने कहा कि परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है और इसमें किसी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
दोषियों को मिलेगी कड़ी सजा
प्रधानमंत्री ने कहा कि पेपर लीक की जानकारी मिलते ही सरकार ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। उन्होंने बताया कि अब तक इस मामले में 13 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
छात्रों के हित सर्वोपरि
पीएम मोदी ने एनडीए सांसदों से कहा कि नीट पेपर लीक का मामला राजनीति का विषय नहीं, बल्कि देश के युवाओं के भविष्य से जुड़ा राष्ट्रीय मुद्दा है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से छात्रों के हित को सर्वोपरि रखते हुए इस मुद्दे पर दलगत राजनीति से बचने की अपील की।
उन्होंने कहा कि सरकार परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी, विश्वसनीय और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ न हो।

