Palamu : पलामू रेंज को नया नेतृत्व मिल गया है। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी किशोर कौशल ने मंगलवार को औपचारिक रूप से पलामू रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) के रूप में पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
गौरतलब है कि बीते कुछ महीनों से पलामू रेंज में DIG का पद रिक्त था। पूर्व DIG नौशाद आलम के तबादले के बाद राज्य सरकार ने किशोर कौशल को पलामू रेंज का नया DIG नियुक्त किया था। उनके पदभार ग्रहण करने के साथ ही रेंज स्तर पर पुलिस प्रशासन को स्थायी नेतृत्व मिल गया है।
पदभार संभालने के बाद DIG किशोर कौशल ने कहा कि कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही अपराध नियंत्रण, नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना उनके कार्य एजेंडे में शामिल रहेगा।
उन्होंने रेंज के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को टीमवर्क, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ काम करने का निर्देश दिया। DIG ने कहा कि जनता का विश्वास पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है और इसे बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

