पलामू : मेदिनीनगर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए आधुनिक कंपोजिट कंट्रोल रूम की शुरुआत की गई। यह संयुक्त नियंत्रण कक्ष (Composite Control Room – CCR) पलामू के एसपी कार्यालय परिसर, ब्लॉक-बी में स्थापित किया गया है। इसका उद्घाटन डालटनगंज विधायक आलोक कुमार चौरसिया ने किया। मौके पर पलामू प्रक्षेत्र के आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, उपायुक्त समीरा एस., पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
113 CCTV कैमरों से पलामू की निगरानी
नए कंपोजिट कंट्रोल रूम के जरिए मेदिनीनगर शहर के प्रमुख स्थानों, यातायात और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की निगरानी की जाएगी। यहां लगाए गए 113 CCTV कैमरे अत्याधुनिक तकनीक से लैस हैं। ये कैमरे न केवल 360 डिग्री दृश्य कैप्चर कर सकते हैं बल्कि वाहनों की नंबर प्लेट पहचानने की क्षमता भी रखते हैं।
डायल 112 से जुड़ा कंट्रोल रूम
यह कंट्रोल रूम राज्य सरकार की डायल 112 आपातकालीन सेवा से जोड़ा गया है। किसी भी दुर्घटना, अपराध, आगजनी या आपदा की स्थिति में तुरंत पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशासन का मानना है कि इस तकनीकी सुविधा से अपराध नियंत्रण, ट्रैफिक प्रबंधन और आपदा प्रतिक्रिया में बड़ी मदद मिलेगी।
आधुनिक तकनीक से अपराध और ट्रैफिक पर लगाम
जिला प्रशासन ने बताया कि संयुक्त नियंत्रण कक्ष से पलामू जिले की सुरक्षा व्यवस्था अधिक प्रभावशाली और आधुनिक होगी। यह पहल न केवल अपराधियों पर नज़र रखने में कारगर होगी, बल्कि यातायात व्यवस्था को भी सुचारू बनाने में मददगार साबित होगी।
