रांची: झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने शनिवार, 4 जुलाई को राज्य के सभी 24 जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही 6 जुलाई से 8 जुलाई तक राज्य के विभिन्न हिस्सों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, इस अवधि में कई जिलों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
5 से 7 जुलाई तक इन जिलों में भारी बारिश के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 5 जुलाई को लातेहार, पलामू, चतरा और गढ़वा जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है।
6 जुलाई को राज्य के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश, वज्रपात और तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दिन हजारीबाग, रामगढ़, लातेहार, चतरा और रांची जिलों में भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।
वहीं 7 जुलाई को खूंटी, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में भारी बारिश होने का अनुमान है।
मेदिनीनगर में सबसे अधिक वर्षा दर्ज
पिछले 24 घंटों के दौरान मेदिनीनगर में सबसे अधिक 54.4 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान बोकारो थर्मल में 34.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इसके अलावा रांची का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस, चाईबासा का 33.8 डिग्री सेल्सियस और जमशेदपुर का 33 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
जून में सामान्य से 54 प्रतिशत कम हुई बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, इस वर्ष दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 12 जून को झारखंड में प्रवेश किया था और 30 जून तक पूरे राज्य में सक्रिय हो गया। इसके बावजूद जून महीने में झारखंड में सामान्य से 54 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई।

