रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि को राज्यभर में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाने की तैयारी शुरू कर दी है। चार अगस्त को झारखंड के सभी 24 जिलों में श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन किया जाएगा। वहीं, शिबू सोरेन के पैतृक गांव नेमरा में विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल होंगे।
नेमरा में होगा मुख्य कार्यक्रम
झामुमो के अनुसार, नेमरा के लुकड्यांटांड़ में आयोजित मुख्य श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके साथ ही वे विभिन्न विकास योजनाओं का ऑनलाइन उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे।
पूरे राज्य में श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन
झामुमो के महासचिव विनोद पांडेय ने बताया कि राज्य के सभी जिलों के प्रमुख चौक-चौराहों और पार्कों में श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों में आम नागरिक भी शामिल होकर दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धासुमन अर्पित कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि जिला समितियां अपने-अपने क्षेत्रों में प्रमुख स्थानों पर शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमाएं स्थापित करने की तैयारी कर रही हैं।
रांची में भी होंगे कई सामाजिक कार्यक्रम
रांची जिला झामुमो समिति की ओर से भी पहली पुण्यतिथि पर कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत शहर में शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जिसके लिए स्थान का चयन किया जा रहा है।
इसके अलावा जरूरतमंद लोगों के बीच वस्त्र, फल और दवाओं का वितरण किया जाएगा। रक्तदान शिविर का भी आयोजन होगा। वहीं, अलबर्ट एक्का चौक पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित करने की योजना बनाई गई है।

