रांची : झारखंड से नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम ने गुरुवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हुई इस शिष्टाचार भेंट के दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस अवसर पर विश्वास व्यक्त किया कि बैद्यनाथ राम संसद के उच्च सदन राज्यसभा में झारखंड की जनता की भावनाओं, अपेक्षाओं और राज्य के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य के हितों की रक्षा और जनकल्याण से जुड़े विषयों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
झारखंड के मुद्दों को राष्ट्रीय मंच पर उठाने की उम्मीद
मुलाकात के दौरान राज्य के विकास, जनहित और क्षेत्रीय आवश्यकताओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि बैद्यनाथ राम राज्यसभा में झारखंड की आवाज को मजबूती प्रदान करेंगे और राज्य के विकास को नई दिशा देने में योगदान देंगे।

बैद्यनाथ राम ने जताया आभार
नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनका धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि जनता और नेतृत्व द्वारा जताए गए विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे तथा राज्य के हितों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देंगे।
इस अवसर पर मंत्री हफीजुल हसन, मंत्री सुदिव्य कुमार, विधायक कल्पना सोरेन, विधायक मथुरा प्रसाद महतो और विधायक उमाकांत रजक भी उपस्थित रहे।


