खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले में 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला एतवारी देवी की हत्या के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे डायन-बिसाही का आरोप कारण बना।
पुलिस के अनुसार, सायको थाना क्षेत्र के किटाहातु गांव में 2 जुलाई 2026 की दोपहर 75 वर्षीय एतवारी देवी, पति स्वर्गीय थेता मुंडा उर्फ लाडुरु मुंडा की बांस और पत्थर से सिर पर हमला कर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद मृतका के पुत्र बिसरा मुंडा की लिखित शिकायत पर सायको थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
विशेष जांच टीम ने 24 घंटे में सुलझाया मामला
घटना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, खूंटी के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए किटाहातु गांव से दो संदिग्धों को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए खून से सने दो बांस के टुकड़े और एक पत्थर भी बरामद किया है।
दोनों आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनाय मुंडा (20 वर्ष), पिता मांगा मुंडा तथा मंगल मुंडा (19 वर्ष), पिता स्वर्गीय शनिका मुंडा, दोनों निवासी किटाहातु गांव, थाना सायको, जिला खूंटी के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में डायन-बिसाही के शक को हत्या का कारण माना जा रहा है। हालांकि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मंगल सिंह जामुदा, सायको थाना प्रभारी प्रभात रंजन पाण्डेय सहित सायको थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

