रांची : दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के सक्रिय होने के साथ ही झारखंड में मौसम ने करवट ले ली है। सोमवार से राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 1 जुलाई तक पूरे झारखंड में मॉनसून के पूरी तरह सक्रिय होने की संभावना है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।
कई जिलों में हुई अच्छी बारिश
पिछले चार दिनों से लू की चपेट में रहे मेदिनीनगर में सोमवार को 40 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं बोकारो में 15 मिमी और रांची में 5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। बारिश के बाद राज्य के कई हिस्सों में रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आई है।
वज्रपात से तीन लोगों की मौत
बारिश के साथ हुई वज्रपात की घटनाओं में तीन लोगों की जान चली गई। गढ़वा जिले के विशुनपुरा थाना क्षेत्र के कोचिया गांव में रमेश कुमार मेहता (20 वर्ष), लातेहार जिले के बालूमाथ प्रखंड के गणेशपुर गांव में तिजनी देवी (45 वर्ष) और हजारीबाग जिले के इचाक प्रखंड के खुटरा गांव में शोभा देवी (37 वर्ष) की वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई।
30 जून को इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र ने 30 जून को रांची, खूंटी, रामगढ़, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, बोकारो, धनबाद और जामताड़ा जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि वज्रपात को लेकर ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
1 जुलाई के लिए भी जारी हुआ अलर्ट
1 जुलाई को भी रांची, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में भारी बारिश की संभावना है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं राज्य के अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ वज्रपात की आशंका बनी हुई है।
मौसम विभाग की लोगों से अपील
मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बारिश और वज्रपात के समय खुले मैदान, खेत, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें। सुरक्षित स्थान पर रहें और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

