रांची में आयोजित होगी परीक्षा
रांची: झारखंड राज्य पुलिस के ट्रेड संवर्ग जवानों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर सामने आया है। पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार, सीमित विभागीय परीक्षा 24 सितंबर 2025 को रांची के खेलगांव स्थित टाना भगत स्टेडियम में आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा उन चतुर्थ श्रेणी के जवानों के लिए है, जो पुलिस सेवा में सिपाही पद पर पदोन्नति पाना चाहते हैं।
लिखित और मौखिक परीक्षा का पैटर्न
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, परीक्षा कुल 50 अंकों की होगी।
- लिखित परीक्षा 40 अंकों की होगी, जिसका आयोजन सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक किया जाएगा।
- इसके बाद मौखिक और व्यावहारिक परीक्षा होगी, जो 10 अंकों की होगी।
इस परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को पुलिस सेवा में पदोन्नति और वर्दी पहनने का अधिकार प्रदान किया जाएगा।
क्वेश्चन बैंक तैयार
झारखंड पुलिस इतिहास में यह पहली बार है कि ट्रेड संवर्ग के जवानों के लिए इस प्रकार की विभागीय परीक्षा आयोजित हो रही है। उम्मीदवारों को बेहतर तैयारी के लिए समिति द्वारा क्वेश्चन बैंक तैयार किया गया है। इसमें हर पुलिस ट्रेड से संबंधित व्यवहारिक और व्यावहारिक ज्ञान पर आधारित प्रश्न शामिल किए गए हैं। इससे उम्मीदवारों को परीक्षा के पैटर्न को समझने और तैयारी करने में आसानी होगी।
पदोन्नति के नियम
नई नियमावली के अनुसार, झारखंड पुलिस में सिपाही ग्रुप के 50% पद चतुर्थ श्रेणी ट्रेड संवर्ग के जवानों को सीमित विभागीय परीक्षा के माध्यम से दिए जाएंगे। शेष 50% पद उम्र और कार्य अनुभव के आधार पर भरे जाएंगे।
झारखंड सरकार के गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने 16 मई 2025 को इस नियम को अधिसूचित किया था। इसके बाद से राज्य के हजारों ट्रेड जवानों के लिए यह परीक्षा एक बड़ा अवसर मानी जा रही है।
जवानों को मिलेगा वर्दी और नई जिम्मेदारी
इस परीक्षा के माध्यम से चयनित जवानों को न केवल सिपाही पद मिलेगा बल्कि आगे चलकर उन्हें हवलदार पद पर पदोन्नति का अवसर भी प्राप्त होगा। इसके साथ ही उन्हें वर्दी पहनने का अधिकार भी दिया जाएगा, जो अब तक उपलब्ध नहीं था।
इसे भी पढ़ें